शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक
Badaun News : बदायूं की दातागंज विधानसभा से भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ 'बब्बू भैया' की फॉर्च्यूनर कार बुधवार को हरदोई के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ से बदायूं लौटते समय हुई इस दुर्घटना में विधायक और उनके सहयोगी बाल-बाल बच गए। हालांकि, अनियंत्रित होकर टकराने के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब विधायक का काफिला एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था। प्रारंभिक कयासों के मुताबिक, तेज रफ्तार या अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण कार बेकाबू होकर पलट गई। इस घटना में विधायक, उनके चालक और सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को पूरी तरह स्थिर और खतरे से बाहर बताया है।
हादसे की खबर फैलते ही दातागंज और बदायूं क्षेत्र में समर्थकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई, जिसके बाद समर्थकों ने उनके सकुशल होने पर राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है। विधायक ने स्वयं संदेश साझा कर शुभचिंतकों को अपनी कुशलता की जानकारी दी और उनके प्रार्थनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ